जेपीएससी-जेएसएससी धांधली: TDPL कर्मी एबाद का बड़ा कबूलनामा, OMR में हुई थी छेड़छाड़; 12 सहयोगियों के नाम खोले
जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी (CID) जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। मामले में गिरफ्तार टीडीपीएल (TDPL) कंपनी के कर्मचारी मो. एबाद ने पूछताछ में कबूल किया है कि जेपीएससी परीक्षा में ऑप्टिकल मार्क रिकॉग्निशन (OMR) और ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) के साथ बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की गई थी।
एबाद ने सिंडिकेट से जुड़े 12 से अधिक सहयोगियों के नाम का पर्दाफाश किया है। इनमें उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा का मास्टरमाइंड अतुल वत्स और मिथिलेश सिंह मुख्य रूप से शामिल हैं। इसके अलावा टीडीपीएल के निदेशक रामबीर सिंह, अरविंद कुमार, राजेश सिंह, आदित्य पांडेय, सुनील कुमार, संतोष सिंह, ब्रजेश कुमार, अली, इमरान, अजय संग्राम सिंह, प्रमोद पाठक, कृष्णा यादव और मो. उस्मान के नाम भी उजागर हुए हैं।
जवाब रटवाने का था खेल, 7 आरोपी रडार पर: जांच में सामने आया है कि गिरोह अभ्यर्थियों को सीधे प्रश्नपत्र देने के बजाय किसी गोपनीय स्थान पर ले जाकर उत्तर रटवाता था। उत्पाद सिपाही भर्ती के दौरान भी अभ्यर्थियों से उत्तर लिखे कागज मिले थे। अब सीआईडी जांच कर रही है कि क्या दोनों परीक्षाओं में धांधली के तार आपस में जुड़े हैं।
फिलहाल सीआईडी की रडार पर 7 फरार आरोपी हैं:
-
आदित्य पांडेय (नामकुम)
-
पवन कुमार सिंह (टाटीसिलवे)
-
रविशंकर कुमार और संतोष कुमार सिंह (पलामू)
-
सानंद प्रकाश (बोकारो)
-
लालू कुमार यादव (हजारीबाग)
-
सौरभ कुमार पांडेय (गिरिडीह)