टाटा स्टील के 25,603 कर्मचारियों को मिलेंगे ₹315 करोड़

टाटा स्टील के 25,603 कर्मचारियों को मिलेंगे ₹315 करोड़

टाटा स्टील में बंपर बोनस समझौता: 25,603 कर्मचारियों को मिलेंगे ₹315 करोड़, खाते में आएंगे ₹39 हजार से लेकर ₹4.52 लाख तक

टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक बोनस समझौते पर सहमति बन गई है। इस वर्ष कंपनी के विभिन्न डिवीजनों के कुल 25,603 कर्मचारियों के बीच 315 करोड़ रुपये की बोनस राशि बांटी जाएगी, जो पिछले साल के मुकाबले 11.87 करोड़ रुपये अधिक है। यह राशि 11 सितंबर को सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 39,016 रुपये और अधिकतम 4,52,512 रुपये तक बोनस मिलेगा। जमशेदपुर के कर्मचारियों का औसत बोनस करीब 1,48,675 रुपये रहेगा। इसका लाभ जमशेदपुर प्लांट, ग्रोथ शॉप, टिनप्लेट, आईएसडब्ल्यूपी, ट्यूब्स, टीएमएच, बियरिंग डिवीजन, केपीओ, टाटा मेटालिक्स और माइंस के कर्मियों को मिलेगा।

बोनस का निर्धारण 2021-22 से लागू फॉर्मूले के तहत मुनाफा, उत्पादकता और सुरक्षा प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। क्रूड स्टील की उत्पादकता 600 टन से बढ़कर 674.2 टन प्रति कर्मचारी सालाना होने से बोनस फंड में 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त जुड़े।

कोयला अफसरों को एरियर की सौगात: इधर धनबाद से बड़ी खबर है कि कोयला मंत्रालय ने कोल इंडिया अधिकारियों के बकाया एरियर भुगतान को मंजूरी दे दी है। पहली किस्त (40%) का भुगतान अक्टूबर में, दूसरी किस्त (40%) दिसंबर में और शेष 20% मार्च 2027 तक किया जाएगा।