रांची: 53 वार्डों में 265 शौचालय, प्रत्येक पर ₹30,000

रांची: 53 वार्डों में 265 शौचालय, प्रत्येक पर ₹30,000

रांची नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा बनाने और हर परिवार तक शौचालय पहुंचाने के लिए नई योजना बनाई है।  निगम के सभी 53 वार्डों में पांच-पांच व्यक्तिगत शौचालय बनेंगे। पहले चरण में कुल 265 परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। जिन घरों में अब तक शौचालय नहीं है, वे आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थी चाहें तो खुद शौचालय बनवा सकते हैं, या नगर निगम से निर्माण करवा सकते हैं।

नगर विकास विभाग ने हर शौचालय के लिए 30 हजार रुपये मंजूर किए हैं। इसी हिसाब से 265 शौचालयों पर कुल 79 लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे। मकसद उन परिवारों को यह बुनियादी सुविधा देना है, जो अब तक घर में शौचालय नहीं बनवा पाए।

आवेदन की पहली शर्त यही है कि आवेदक के घर में पहले से शौचालय न हो। फॉर्म रांची नगर निगम कार्यालय या अपने वार्ड कार्यालय में जमा किया जा सकता है। साथ में पहचान पत्र, जमीन के कागजात और यह घोषणा पत्र देना होगा कि आवास में शौचालय उपलब्ध नहीं है। निगम आवेदनों की जांच करेगा। पात्रता बैठने के बाद ही लाभ की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

रांची नगर निगम क्षेत्र पहले ही खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ प्लस) घोषित हो चुका है। इसके बावजूद जिन परिवारों के पास यह सुविधा नहीं है, उन्हें शौचालय देना निगम के लिए जरूरी बताया गया है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण कुमारी ने कहा कि फिलहाल हर वार्ड में पांच शौचालय की मंजूरी मिली है। आवेदनों की जांच के बाद पात्र लोगों को योजना से जोड़ा जाएगा। निगम इस संख्या बढ़ाने के लिए नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजने की भी तैयारी कर रहा है।