झारखंड कडरू गोदाम: 1,098 क्विंटल अनाज गाड़े जाने पर रिपोर्ट तलब

झारखंड कडरू गोदाम: 1,098 क्विंटल अनाज गाड़े जाने पर रिपोर्ट तलब

रांची के कडरू स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम के गोदाम परिसर में 1,098.17 क्विंटल अनाज जमीन में गाड़कर नष्ट करने का मामला तूल पकड़ रहा है।  खाद्य निगम मुख्यालय ने रांची के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) सह जिला प्रबंधक से जवाब मांगा है। निगम के प्रबंध निदेशक ने पत्र जारी कर अनाज नष्ट करने की परिस्थितियों की विस्तृत जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

मुख्यालय ने जिला अधिकारियों से पूछा है कि गोदाम परिसर के बाहर अनाज गाड़ा जा सकता था, तो उसे परिसर के अंदर ही क्यों नष्ट किया गया। कितने गड्ढे खोदे गए, यह जानकारी भी मांगी गई है। स्थल की तस्वीरें देने और पूरी रिपोर्ट सर्वोच्च प्राथमिकता पर तत्काल भेजने को कहा गया है। मुख्यालय प्रक्रिया और चुने गए स्थान, दोनों पर सवाल उठा रहा है।

यह मामला कडरू गोदाम के निरीक्षण के दौरान तत्कालीन खाद्य आपूर्ति मंत्री के सामने आया था। उसके बाद विभाग स्तर पर भी जवाब मांगा गया। खाद्य एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने 22 अक्टूबर 2026 को संबंधित अधिकारियों को स्थिति साफ करने का निर्देश दिया था। विभाग की उप सचिव जेसी विनीता केरकेट्टा ने भी इस मामले में जवाब मांगा था।

इससे पहले 14 मार्च 2026 को सरकार के उप सचिव सुशील कुमार निगम के अधिकारियों से तीन बिंदुओं पर तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांग चुके थे। अब मुख्यालय ने जिला स्तर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद यह साफ होगा कि इतनी बड़ी मात्रा में अनाज परिसर के अंदर नष्ट करने की जरूरत क्यों पड़ी और इस प्रक्रिया में किन अधिकारियों की क्या भूमिका रही। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।