दिल्ली: बर्थडे पार्टी के बाद फायरिंग, पुलिस हेड कांस्टेबल पर युवक की हत्या का आरोप

दिल्ली: बर्थडे पार्टी के बाद फायरिंग, पुलिस हेड कांस्टेबल पर युवक की हत्या का आरोप

दिल्ली के द्वारका इलाके में एक जन्मदिन समारोह के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को आरोपी बनाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की तड़के करीब 2:30 बजे द्वारका के जाफरपुर कलां इलाके में एक 2 वर्षीय बच्चे का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था। पार्टी समाप्त होने के बाद कुछ लोग बाहर सड़क पर कैब का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज मौके पर पहुंचा। आरोप है कि किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गोली चला दी।

एक की मौत, एक घायल

फायरिंग में 21 वर्षीय पांडव कुमार को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कृष्ण नामक युवक भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक पांडव कुमार डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से पहले आरोपी और मौजूद युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई और फायरिंग हो गई।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को अस्पताल से गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई। बाद में आरोपी हेड कांस्टेबल नीरज को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस  ने मामले में हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बताया जा रहा है।

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि आरोप एक पुलिसकर्मी पर लगे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और पुलिस जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।