कलयुगी भाई की रोंगटे खड़े करने वाली दरिंदगी

कलयुगी भाई की रोंगटे खड़े करने वाली दरिंदगी

कलयुगी भाई की रोंगटे खड़े करने वाली दरिंदगी: 1.5 साल के मासूम को मां की गोद से उठाया, मंदिर ले जाकर काटी गर्दन; गमछे में लपेट मां को सौंपा सिर

द जागरण न्यूज डेस्क, पटना/बिक्रम: बिहार की राजधानी पटना से सटे रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में शनिवार को एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 22 वर्षीय नशेड़ी युवक अजीत कुमार ने अपने ही डेढ़ साल के सगे भाई मनीष उर्फ हनुमान की मंदिर में ले जाकर धारदार दबिया से गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।

हैरान करने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने मासूम के कटे सिर, धड़ और हथियार को गमछे में लपेटा और सीधे घर पहुंचकर मां को सौंप दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अजीत अपनी मां की गोद से मासूम भाई को यह कहकर ले गया था कि वह उसे सड़क पर घुमाने ले जा रहा है। लेकिन वह उसे घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित देवी मंदिर ले गया। वहां उसने मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने नारियल फोड़ने वाले पत्थर पर मासूम की गर्दन रखी और दबिया के वार से सिर को धड़ से अलग कर दिया।

खून से लथपथ गमछे में बेटे का कटा सिर और शव देखते ही मां चीख-पुकार करते हुए बदहवास हो गई। वारदात के बाद जब आरोपी भागने की फिराक में था, तभी ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।

पालीगंज एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह शराब, गांजा और स्मैक का आदी है। पुलिस ने फिलहाल इसे बलि की घटना से इनकार करते हुए पूरे मंदिर परिसर को सील कर दिया है और मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।