पंजाब के मानसा में एक्टिविस्ट परविंदर सिंह उर्फ झोटा को मारी गोली

पंजाब के मानसा में एक्टिविस्ट परविंदर सिंह उर्फ झोटा को मारी गोली

पंजाब के मानसा में दिल दहला देने वाली वारदात: नशे के विरोध पर फेसबुक लाइव के दौरान एक्टिविस्ट झोटा को मारी गोली, बीच बाजार मौत!

चंडीगढ़/मानसा: पंजाब के मानसा से कानून-व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। नशे के अवैध काले कारोबार के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता (एक्टिविस्ट) परविंदर सिंह उर्फ झोटा की मंगलवार को बीच बाजार सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दुस्साहसिक हत्याकांड का आरोप स्थानीय गर्ग मेडिकल स्टोर के संचालक अश्वनी कुमार पर लगा है।

फेसबुक लाइव पर बहस और अंधाधुंध फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झोटा लंबे समय से इलाके में नशीली दवाओं की बिक्री का विरोध कर रहे थे। मंगलवार सुबह वे नशीली गोलियां खरीदने वाले एक व्यक्ति को साथ लेकर गर्ग मेडिकल स्टोर पहुंचे और फेसबुक लाइव शुरू कर दिया। झोटा ने नशीली दवाएं बेचने का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

इसी दौरान बहस बढ़ने पर संचालक अश्वनी ने अचानक पिस्तौल निकाल ली। झोटा ने पिस्तौल नीचे रखने को कहा और बोले— "चला, हम पर गोली चला। पिस्तौल निकालने की क्या जरूरत है?" इतने में आरोपी दुकानदार ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से परविंदर सिंह झोटा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 4 साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हत्या के बाद आरोपी 4 से 5 मिनट तक हाथ में पिस्तौल लहराते हुए बाजार में घूमता रहा और फिर आराम से फरार हो गया।

3 साल पुरानी रंजिश और भारी जनाक्रोश

वारदात की जड़ 3 साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है। 13 जुलाई 2023 को झोटा ने इसी दुकानदार को नशा बेचते रंगे हाथों पकड़ा था और उस पर छात्रों से नशा सप्लाई कराने का आरोप लगाते हुए जूते की माला पहनाकर बाजार में घुमाया था, जिसके बाद से दोनों में गहरी दुश्मनी चल रही थी।

घटना के बाद पूरे मानसा और पंजाब में भारी आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने आरोपी अश्वनी पर केस दर्ज कर उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा गठित एक्शन कमेटी ने मुख्यमंत्री व डीजीपी के इस्तीफे और मामले की सीबीआई (CBI) जांच की मांग करते हुए 15 तारीख को पूरे 'पंजाब बंद' का बड़ा ऐलान कर दिया है।