एटा में ‘लव जिहाद’ शिकायत पर नया मोड़, महिला पर झूठा केस दर्ज कराने की साजिश का आरोप

एटा में ‘लव जिहाद’ शिकायत पर नया मोड़, महिला पर झूठा केस दर्ज कराने की साजिश का आरोप

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में कथित ‘लव जिहाद’ मामले में नया मोड़ सामने आया है। दिल्ली में काम करने वाली एक महिला पर अपने पूर्व पति आरिफ के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, महिला और आरिफ की मुलाकात दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने के बाद मुस्लिम रीति से निकाह भी किया था। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर तलाक हो गया। दोनों की एक करीब डेढ़ साल की बेटी भी है।

आरिफ का आरोप है कि तलाक के बाद महिला बच्ची के साथ घर से नकदी, जेवर और अन्य सामान लेकर चली गई। इसके बाद उसने थाने में शिकायत दी। वहीं, महिला ने एटा के अवागढ़ थाने में आरिफ पर पहचान छिपाकर शादी करने, धर्म छिपाने और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया।

महिला का कहना है कि आरिफ ने खुद को ‘आर्यन यादव’ बताकर उससे संबंध बनाए और बाद में अपनी असली पहचान बताई। उसने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद उस पर निकाह का दबाव बनाया गया और बाद में उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की प्राथमिक जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।