पंजाब में बर्निंग ट्रेन: चलते समय धधक उठी 'कर्मभूमि', 1500 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान!
पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से बाल-बाल टल गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी की ओर जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) में सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रेन 'बर्निंग ट्रेन' में तब्दील हो गई और तीन कोच पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि चौथे कोच को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है
चीख-पुकार के बीच कूदकर बचाई जान हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन अपनी रफ्तार में थी अचानक डिब्बों से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि समय रहते गार्ड और लोको पायलट की नजर इस पर पड़ी और उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन रुकवाई। इसके बाद करीब 1500 यात्रियों ने ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई। लोगों में इस कदर दहशत थी कि भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
तेज हवाओं ने भड़काई आग अंबाला मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर यशंजित सिंह के अनुसार, तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक से दूसरे कोच में फैलती चली गई। जैसे ही ट्रेन रुकी, लोको पायलट और गार्ड ने बड़ी तत्परता दिखाते हुए आग प्रभावित कोचों को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग कर दिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया।
राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल की गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया। रेलवे ने फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की। फिलहाल आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच जारी है