हैरान करने वाली परंपरा: मन्नत पूरी होने पर जमीन पर लेटे सैकड़ों लोग, ऊपर से धड़ाधड़ गुजर गईं गाएं!
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक ऐसी सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली परंपरा सामने आई है, जिसे देखकर आप भी दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे। जिले के बड़नगर उपखंड के अंतर्गत आने वाले भिड़ावद गांव में गोवर्धन पूजा के दिन सैकड़ों लोग जमीन पर लेट गए और उनके ऊपर से एक-एक करके दर्जनों भारी-भरकम गाएं गुजरीं। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले दृश्य को देखने के लिए हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी।
60 सालों से भी ज्यादा पुराना है यह अनोखा रिवाज गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि यह अनूठी और खतरनाक परंपरा 60 सालों से भी अधिक समय से बिना रुके निभाई जा रही है। ग्रामीणों की मान्यता है कि अपनी मन्नतें पूरी होने पर वे गौमाता के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए ऐसा करते हैं। परंपरा के अनुसार, गोवर्धन पूजा के 5 दिन पहले से ही इसकी भव्य तैयारियां शुरू हो जाती हैं और ग्रामीण अपने गायों को विशेष रूप से रंग-बिरंगे छाप, फूल-मालाओं और आभूषणों से सजाते हैं।
चोट का खौफ नहीं, भक्ति और विश्वास का सैलाब पूजा के दिन जब सजी-धजी गायों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है, तो मन्नतें पूरी करने वाले ग्रामीण ढोल-धमाकों के बीच रास्ते में पेट के बल जमीन पर लेट जाते हैं। इसके बाद उनके ऊपर से गाएं धड़ाधड़ दौड़ते हुए निकलती हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पैरों (खुरों) से कुचले जाने के बावजूद आज तक किसी भी ग्रामीण को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वे इसे गौमाता का साक्षात चमत्कार मानते हैं। इस आयोजन को देखने के लिए हर साल दूर-दूर से लोग आते हैं, जो इस अटूट विश्वास और रोमांचक परंपरा को देखकर अचंभित रह जाते हैं