भारत की बड़ी छलांग: अब कोयले की 'बेकार' राख से बनेगी ताकतवर स्वदेशी यूरिया, बचेंगे करोड़ों रुपये!
कृषि और उर्वरक के क्षेत्र में भारत ने एक ऐसी क्रांतिकारी सफलता हासिल की है, जो न सिर्फ देश के करोड़ों रुपये बचाएगी, बल्कि विदेशी आयात की कमर तोड़ कर रख देगी। धनबाद स्थित सीएसआईआर-सिंफर (CSIR-CIMFR) के वैज्ञानिकों ने बेकार समझी जाने वाली 'कोल गैसीकरण' की राख से नाइट्रोजन युक्त स्वदेशी उर्वरक (यूरिया) बनाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। कोयला मंत्रालय ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है, जिसे महज 2 साल में पूरा किया जाएगा।
विदेशी निर्भरता होगी खत्म वर्तमान में भारत अपनी जरूरत का 30% यूरिया सीधे विदेशों से आयात करता है और इसके कच्चे माल (नेचुरल गैस) के लिए भी हम दूसरे देशों पर ही निर्भर हैं। लेकिन इस नई तकनीक के आने से भारत की यह मजबूरी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
सामान्य यूरिया से कई गुना ज्यादा असरदार बाजार में मिलने वाली सामान्य यूरिया का करीब 60% हिस्सा खेतों में बर्बाद हो जाता है और पौधों को 100 किलो में से केवल 35-40 किलो ही मिल पाता है। इसके विपरीत, सिंफर द्वारा तैयार किया जा रहा यह नया स्वदेशी फर्टिलाइजर बहुत अधिक प्रभावी होगा और इसकी बर्बादी भी कम होगी।
संस्थान के निदेशक प्रो. एके मिश्रा और वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरई मास्टो के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक इसे 5 किलो प्रति बैच के स्तर पर तैयार करने में जुटे हैं। इस ऐतिहासिक 'मेक इन इंडिया' प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए सिंफर धनबाद, IISS भोपाल, CMPDI रांची और MCL संबलपुर जैसी चार प्रमुख संस्थाएं एक साथ मिलकर काम कर रही हैं।