AI हुआ फेल! कंपनियों ने लिया यू-टर्न, निकाले गए 20% कर्मचारियों को फिर बुलाया वापस
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बल पर इंसानी नौकरियों को खत्म करने का दावा करने वाली दुनिया भर की कंपनियों को अब ज़मीनी हकीकत का सामना करना पड़ रहा है। काम को पूरी तरह ऑटोमेट करने की जल्दबाजी में जिन कंपनियों ने अपने पुराने और अनुभवी कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था, वे अब घुटनों के बल उन कर्मचारियों को वापस बुलाने पर मजबूर हो रही हैं। टैलेंट असेसमेंट कंपनी 'एसएचएल' (SHL) के एक हालिया सर्वे ने इस हैरान करने वाले यू-टर्न का खुलासा किया है, जिसके मुताबिक 20 फीसदी अमेरिकी कर्मचारियों को उनकी ही पुरानी कंपनियों ने दोबारा नौकरी का ऑफर भेजा है।
अधूरी उम्मीदें और इंसानी सूझबूझ की कमी कंपनियों को अब अहसास हो रहा है कि वे कर्मचारियों की समझ, वर्षों के अनुभव और संकट के समय निर्णय लेने की क्षमता का विकल्प एआई में नहीं ढूंढ पाईं। एआई से जो उम्मीदें थीं, वे पूरी नहीं हो सकीं। हाल ही में स्वीडिश कंपनी क्लाॅर्ना (Klarna) ने ग्राहक सेवा में एआई पर भारी निर्भरता के बाद, संवेदनशील मामलों को सुलझाने के लिए वापस इंसानी स्टाफ की हायरिंग शुरू की है। इसी तरह, फोर्ड (Ford) ने जून में 350 इंजीनियरों को दोबारा भर्ती या प्रमोट किया क्योंकि एआई क्वालिटी टूल्स उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे।
वापसी पड़ रही है भारी यह घर-वापसी कंपनियों को बहुत महंगी पड़ रही है। दोबारा बुलाए गए कर्मचारियों में से 51% ने बड़ी वेतन वृद्धि, 42% ने पक्की नौकरी की सुरक्षा और 40% ने काम में एआई की भूमिका को पूरी तरह स्पष्ट करने की मांग रख दी है। रॉबर्ट हाफ (Robert Half) के सर्वे के मुताबिक, एआई के चलते जो 32% पद खत्म कर दिए गए थे, उन्हें कंपनियों को फिर से शुरू करना पड़ा है। इसका मुख्य कारण 40% मामलों में कर्मचारियों का अनुभव व कार्य-ज्ञान, 39% में क्लाइंट्स के साथ बेहतर संबंध और 38% में मानवीय निगरानी तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता रही