JPSC महाघोटाला: चाय की दुकान पर 10 लाख में बिकी अफसर की कुर्सी! OMR शीट के खाली गोलों का काला सच
14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में हुए महाघोटाले ने पूरे तंत्र की साख को हिलाकर रख दिया है। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) द्वारा विशेष अदालत में दायर दूसरी चार्जशीट में ऐसे सनसनीखेज खुलासे हुए हैं, जो किसी भी प्रतियोगी छात्र के होश उड़ा देंगे।
टी स्टॉल पर हुई 10 लाख की डील जांच में सबसे चौंकाने वाला मामला रांची जिला बल के सिपाही मनोज कुमार का सामने आया है। लगातार परीक्षाओं में नाकाम होने के बाद उसने शॉर्टकट चुना और बरियातू थाने के पास एक चाय दुकान पर एजेंट रमेश कुमार के साथ 10 लाख रुपये नकद की डील तय की। सिपाही ने गारंटी के तौर पर 10 लाख का एडवांस और अपने मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र सिंडिकेट को सौंप दिए थे।
'खाली छोड़ना' था कोडवर्ड इस धोखाधड़ी का तरीका बेहद शातिर था। सिंडिकेट का निर्देश था कि परीक्षा हॉल में सिर्फ उन्हीं गोलों को भरें जिनका पक्का उत्तर पता हो, बाकी OMR शीट खाली छोड़ दें। सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि मनोज ने पेपर-1 में केवल 72 और पेपर-2 में 74 प्रश्न ही हल किए थे। लेकिन जब आयोग के स्ट्रॉन्ग रूम में जमा मूल OMR शीट की फॉरेंसिक जांच हुई, तो उसमें पूरे 100-100 प्रश्न भरे पाए गए। मूल्यांकन के दौरान सिंडिकेट ने आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल के निदेशक तक पहुंच बनाकर खाली छोड़े गए गोलों में सही उत्तर भरवा दिए थे।
रिजल्ट से दो महीने पहले बन गई थी लिस्ट सीआईडी को इस केस का सबसे बड़ा डिजिटल सबूत एजेंट बुद्धेश्वर भगत के लैपटॉप से मिला है। परिणाम घोषित होने से करीब दो महीने पहले, 06 मई 2026 को ही इस लैपटॉप में 24 सेट किए गए अभ्यर्थियों की एक एक्सेल लिस्ट तैयार कर ली गई थी, जिसमें आरोपी सिपाही मनोज का नाम और रोल नंबर भी बकायदा दर्ज था।