सिस्टम से हार कर आदिवासी नेत्री निशा भगत ने दी जान! मौत से पहले फेसबुक लाइव पर कहा- 'प्रशासन फेल है...'
आदिवासियों की बुलंद आवाज माने जाने वाली नेत्री निशा भगत ने सिस्टम और जमीन माफियाओं की प्रताड़ना से तंग आकर खौफनाक कदम उठा लिया है। शुक्रवार दोपहर रांची के पिठौरिया के डहुटोली स्थित अपने घर में निशा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौत से ठीक पहले उन्होंने 52 सेकंड का एक दिल दहला देने वाला फेसबुक लाइव किया, जिसमें उन्होंने दर्द छलकते हुए कहा- "यकीन मानिए... प्रशासन फेल है"।
लाइव वीडियो में थानेदार को किया फोन इस फेसबुक लाइव के दौरान ही निशा ने पिठौरिया के थानेदार सतीश कुमार को फोन मिलाया और रोते हुए सवाल किया कि पुलिस उनके घर चोरी करने वालों और उन्हें बदनाम करने वालों को क्यों नहीं पकड़ पाई। उन्होंने थानेदार से साफ कहा- "मैं अपनी लीला समाप्त कर रही हूं... मेरी अंतिम लीला देखनी है तो यही सही"। इस आखिरी कॉल के चंद मिनटों बाद ही निशा फंदे से झूल गईं।
जमीन दलालों और नेताओं पर गंभीर आरोप निशा के पिता हिन्दू भगत ने पिठौरिया थाने में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ जमीन दलालों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। उनका सीधा आरोप है कि इन लोगों ने साजिश के तहत निशा को मुकदमों में फंसाकर प्रताड़ित किया और सोशल मीडिया पर उसका चरित्र हनन किया, जिसके भारी मानसिक दबाव में उसने जान दे दी।
अपने आखिरी वीडियो में निशा ने हेमंत सोरेन सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार औरतों को जलील कर सकती है, लेकिन अजय तिर्की जैसे लोगों पर कार्रवाई नहीं कर सकती। वहीं, आरोपी अजय तिर्की ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।