मिडटर्म में झटके के बाद ट्रंप का कड़ा रुख: 18 हजार भारतीयों को डिपोर्ट करने की तैयारी, H-1B वीजा पर चलेगा हंटर!
द जागरण न्यूज डेस्क, न्यूयॉर्क: अमेरिकी संसद के मिडटर्म चुनाव में झटका लगने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रवासियों, विशेषकर भारतीयों को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। चुनाव में करीब 65% भारतवंशी मतदाताओं ने विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट किया था, जिससे ट्रंप प्रशासन में खासी नाराजगी देखी जा रही है। इसका सीधा असर अब वीजा नीतियों और डिपोर्टेशन की कार्रवाई पर पड़ता नजर आ रहा है।
ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में रह रहे करीब 18 हजार अवैध भारतीयों को तेजी से डिपोर्ट करने की रणनीति तैयार की है। वर्ष 2025 में रिकॉर्ड 3,567 भारतीयों को वापस भेजा गया था, जबकि 2026 में जून महीने तक ही 1,076 लोग डिपोर्ट किए जा चुके हैं। इसके अलावा, आईटी प्रोफेशनल्स के लिए जीवन रेखा माने जाने वाले H-1B वीजा में सख्ती और बढ़ाई जा रही है। भारत से H-1B वीजा रजिस्ट्रेशन पहले ही 1.72 लाख से घटकर 1.06 लाख पर आ गए हैं। इस नीति को धार देने के लिए H-1B वीजा खत्म करने के मुखर समर्थक स्टीफन मिलर को ट्रंप ने अपना चीफ ऑफ स्टाफ बनाया है।
'मागा' कट्टरपंथियों का भारतीयों पर निशाना, हेट क्राइम 240% बढ़े
दूसरी तरफ, ट्रंप समर्थक श्वेत कट्टरपंथी समूह 'मागा' (MAGA - मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) के उभार से भारतीयों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है। जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भारतीय विरोधी नफरती पोस्ट 240% तक बढ़ चुके हैं। सिएटल में दिवाली कार्यक्रम के बाहर पोस्टर लेकर पहुंचे चरमपंथियों ने 'भारतीयों को देश से निकालो' जैसे भड़काऊ नारे लगाए। हालांकि अमेरिकी संसद (कांग्रेस) में ट्रंप अपनी पार्टी का बहुमत खो चुके हैं, फिर भी वे विदेशी छात्रों और प्रोफेशनल्स के वीजा में सख्ती का बिल पारित कराने की पूरी कोशिश में जुटे हैं।