अमेरिका में लग्जरी कारें और महल छूटे पीछे: अब 'तीसरा बच्चा' बना सुपर-रिच का नया स्टेटस सिंबल, परवरिश का खर्च जानकर उड़ जाएंगे होश!
द जागरण न्यूज डेस्क, अमेरिका: दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका में अमीरी और रसूख दिखाने का पैमाना अब पूरी तरह बदल चुका है। अब महंगी गाड़ियां या प्राइवेट जेट नहीं, बल्कि घर में 'तीसरा बच्चा' होना अमीरों का सबसे नया और बड़ा स्टेटस सिंबल बन गया है। व्हाइट हाउस के पूर्व अर्थशास्त्री माइक कॉन्जल द्वारा फेडरल रिजर्व (Fed) के पांच सर्वे (2013 से 2025) के किए गए विश्लेषण में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका के टॉप 1% सबसे रईस परिवारों में से 34% के पास तीन बच्चे हैं, जबकि अन्य अमीर परिवारों में यह आंकड़ा महज 24% है। वहीं, 45 से 64 वर्ष आयु वर्ग के टॉप 1% सुपर-रिच परिवारों में 49% के तीन या उससे ज्यादा बच्चे हैं।
परवरिश का खर्च बना अमीरी की दीवार
इस अजीबोगरीब ट्रेंड की सबसे बड़ी वजह बच्चों के पालन-पोषण का आसमान छूता खर्च है। अमेरिका में एक बच्चे की पूरे दिन की देखभाल (डे-केयर) का सालाना खर्च ही ₹6 लाख से ₹14 लाख तक पहुंच जाता है। दो बच्चों की सही परवरिश के लिए सालाना ₹3.75 करोड़ की कमाई की दरकार होती है, जबकि तीसरे बच्चे के लिए बड़े घर की जरूरत पड़ती है, जिसकी औसत कीमत 2024 में ₹3.86 करोड़ आंकी गई।
मध्यम वर्ग की पहुंच से बाहर
सर्वे के अनुसार, 42% अमेरिकी आज भी तीन बच्चे चाहते हैं, लेकिन 70% से ज्यादा लोगों का मानना है कि इतनी भारी लागत उठाना उनके बस की बात नहीं है। नतीजतन, देश की प्रजनन दर (Fertility Rate) 1995 के 2.0 से लुढ़ककर 2025 में 1.57 के ऐतिहासिक निचले स्तर पर आ गई है। बच्चे पैदा करना अब आम परिवारों के लिए आर्थिक जोखिम और सिर्फ अरबपतियों का शौक बनता जा रहा है।