NASA के खुलासे से हड़कंप! पंजाब-हरियाणा में 34 हजार जगह जली पराली, सरकारी आंकड़े निकले झूठे?
नासा (NASA) के एक सनसनीखेज खुलासे ने पराली जलाने के सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी है। उत्तर भारत में दमघोंटू प्रदूषण के बीच, नासा के वैज्ञानिक डॉ. हिरेन जेठवा ने दावा किया है कि पंजाब और हरियाणा में 1 अक्टूबर से 9 नवंबर के बीच करीब 34 हजार जगहों पर पराली जली है, जबकि सरकारी आंकड़ा सिर्फ 4,459 घटनाओं का ही है।
सैटेलाइट को भी चकमा दे रहे किसान रिपोर्ट के मुताबिक, किसान अब पराली जलाने का समय बदल रहे हैं, जिससे सैटेलाइट भी आग की कई घटनाओं को पकड़ नहीं पा रहे हैं। नासा की सैटेलाइट तस्वीरों में भारत और पाकिस्तान (पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी) के मैदानी इलाकों के ऊपर धुंध और धुएं की एक बेहद मोटी चादर साफ नजर आ रही है।
प्रदूषण से उत्तर भारत में हाहाकार सीपीसीबी (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को देश के 12 शहरों में वायु गुणवत्ता (AQI) 'बेहद खराब' दर्ज की गई। 380 AQI के साथ हरियाणा का पचगांव देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जबकि दिल्ली 299 AQI के साथ 13वें स्थान पर है। यूपी के अनपरा, बड़ौत, खोड़ा और नोएडा भी इस खतरनाक श्रेणी में शामिल हैं।
हालात की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर गहरी चिंता जताते हुए राज्यों से तत्काल कदम उठाने और कार्ययोजना पेश करने को कहा है, जिसकी अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी। डॉक्टरों ने भी सख्त हिदायत दी है कि लोग लगातार एन-95 (N-95) मास्क पहनें और घर से बाहर व्यायाम करने या सैर से बचें।