गाजीपुर में कथित धर्मांतरण का मामला, पति-पत्नी समेत चार लोगों पर एफआईआर

गाजीपुर में कथित धर्मांतरण का मामला, पति-पत्नी समेत चार लोगों पर एफआईआर

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश): जिले के जमानिया कोतवाली क्षेत्र में कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराए जाने का मामला सामने आया है। हरपुर उर्फ नसरतपुर गांव से जुड़ी इस शिकायत पर पुलिस ने पति-पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रवण कुमार राम ने जमानिया कोतवाली में नामजद तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर और लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रविवार को होती थी कथित सभा

तहरीर के मुताबिक, आरोप है कि हर रविवार को सुबह लगभग 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विशेष सभा आयोजित की जाती थी, जिसमें हिंदू समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म में परिवर्तित करने की कोशिश की जाती थी। शिकायत में गौतम राम, उनकी पत्नी सविता देवी, लक्ष्मण राम और व्यासमुनी राम के नाम शामिल हैं।

विरोध करने पर धमकी का आरोप

श्रवण कुमार राम ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को जब वह अपने साथी जयप्रकाश सिंह कुशवाहा के साथ मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जमानिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों और मारपीट व गाली-गलौज की शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।