गुरुग्राम : दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक महिला के साथ कथित धोखाधड़ी, जबरन धर्म परिवर्तन और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला लव मैरिज की आड़ में पहचान छुपाकर शादी करने और बाद में धर्म बदलने के दबाव से जुड़ा बताया जा रहा है।
झूठी पहचान बताकर की शादी
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आरिफ खान ने खुद को आरव नाम का हिंदू युवक बताकर बिहार की रहने वाली 24 वर्षीय युवती से नजदीकियां बढ़ाईं। दोनों की मुलाकात वर्ष 2022 में गुरुग्राम के एक कार शोरूम में हुई थी, जहां महिला काम करती थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और अपनी असली पहचान छुपाए रखी।
महिला की शिकायत के मुताबिक, बाद में दोनों ने एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी का असली नाम आरिफ खान है, वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं।
https://twitter.com/gurgaonpolice/status/2016538161002999919
धर्म परिवर्तन और नाम बदलने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी और उसके परिवार ने उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसका नाम बदलकर ज़िया खान रखने की कोशिश की गई। महिला ने यह भी बताया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और धमकियां दी जाती थीं।
गर्भपात का दबाव और वीडियो वायरल करने की धमकी
महिला के अनुसार, जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने बच्चे का गर्भपात कराने का दबाव बनाया और निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। गर्भावस्था अधिक होने के कारण गर्भपात नहीं हो सका। अगस्त 2023 में उसने एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद भी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव जारी रहा।
बिहार भागकर बचाई जान
लगातार मारपीट और जान से मारने की धमकियों के चलते महिला नवजात बच्चे के साथ बिहार चली गई। कुछ समय बाद वह बच्चे को माता-पिता के पास छोड़कर गुरुग्राम लौटी। आरोप है कि 26 जनवरी की रात आरोपी और उसके परिजन जबरन उसके किराए के कमरे में घुस आए और फिर से मारपीट कर धर्म बदलने का दबाव बनाया।
पुलिस कार्रवाई, जांच जारी
सोशल वर्कर्स की मदद से पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और हरियाणा गैरकानूनी धर्म परिवर्तन रोकथाम अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी आरिफ खान उर्फ आरव और उसके साथी तारीफ खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि महिला से संपर्क एक सुनियोजित तरीके से किया गया था। आरोपी की मां, पत्नी और भाइयों समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गहन जांच जारी है।