वृंदावन बॉलीवुड के मशहूर गायक कुमार सानू हाल ही में वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दर्शन किए। इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सुरों और आध्यात्म का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है।
वीडियो में कुमार सानू प्रेमानंद महाराज के समक्ष अपना लोकप्रिय गीत “जब कोई बात बिगड़ जाए” गुनगुनाते नजर आते हैं। गीत गाने के बाद वह बताते हैं कि यह रचना उनके दिल के बेहद करीब है और इसे ईश्वर से लेकर माता-पिता, परिवार और प्रियजनों—सभी के लिए गाया जा सकता है।
https://www.instagram.com/reel/DTZstu0kSoq/?igsh=MW9wamp2eThjbGV2
नामस्मरण पर प्रेमानंद महाराज का संदेश
कुमार सानू की बात सुनकर प्रेमानंद महाराज ने उन्हें सरल शब्दों में जीवन का गूढ़ मंत्र समझाया। उन्होंने कहा कि चलते-फिरते, उठते-बैठते भगवान का नाम स्मरण करना सबसे सहज साधना है। इसमें न तो परिश्रम है और न ही कोई विशेष साधन की आवश्यकता, लेकिन इसका फल अमूल्य है। नामजप से जन्म-मरण के बंधन कटते हैं और जीवन सार्थक हो जाता है।
सांसों की कीमत समझाई
प्रेमानंद महाराज ने सांसों की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन में सांसें सबसे कीमती पूंजी हैं। यदि अंतिम समय में कोई व्यक्ति अपनी पूरी कमाई देकर भी कुछ अतिरिक्त सांसें नहीं खरीद सकता, तो फिर इन्हीं अमूल्य सांसों को ईश्वर-स्मरण में लगाना ही सच्ची समझदारी है।
पहले भी पहुंच चुके हैं कई कलाकार
प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहले भी कई फिल्मी हस्तियां और कलाकार दर्शन करने आ चुके हैं। कुछ समय पहले मशहूर वॉइस ओवर आर्टिस्ट सोनल कौशल की मासूम आवाज ने भी महाराज को हंसा दिया था, जिसका वीडियो खूब चर्चा में रहा।
कुमार सानू और प्रेमानंद महाराज की यह मुलाकात आज के दौर में संगीत, श्रद्धा और जीवन मूल्यों का सुंदर संदेश देती नजर आ रही है।