सैफई। क्षेत्र के एक गांव निवासी मुस्लिम युवक पर करीब 20 वर्षीय युवती को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि शिकायत के बावजूद दो दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
युवती के पिता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव निवासी तालीम खान पिछले करीब एक वर्ष से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक शादी का दबाव बनाता था और विरोध करने पर धमकियां भी देता था। पीड़ित परिवार नोएडा में रहकर नौकरी करता है।
पिता के अनुसार, आरोपी 24 अप्रैल की शाम नोएडा पहुंचा और उनकी बेटी को अपने साथ ले गया। इसके बाद सूरजपुर थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। बाद में परिवार गांव लौट आया और 5 मई को सैफई थाने में नामजद शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई न होने से नाराज हिंदू सेवा सुरक्षा संघ के पदाधिकारी गुरुवार को समर्थकों के साथ थाना सैफई पहुंचे। उन्होंने युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि मामला नोएडा क्षेत्र का है और सूरजपुर थाने में पहले से गुमशुदगी दर्ज है। स्थानीय पुलिस नोएडा पुलिस के संपर्क में है और युवती की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।