उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में धीरेंद्र शास्त्री की गुप्त साधना शुरू, 21 दिन अज्ञातवास पर रहेंगे बागेश्वर बाबा

उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में धीरेंद्र शास्त्री की गुप्त साधना शुरू, 21 दिन अज्ञातवास पर रहेंगे बागेश्वर बाबा

देवभूमि उत्तराखंड स्थित बदरीनाथ धाम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गुप्त साधना शुरू कर दी है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर अगले करीब 21 से 22 दिनों तक अज्ञातवास और एकांतवास में रहेंगे। इस दौरान वे सांसारिक गतिविधियों और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखेंगे।

जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र शास्त्री भगवान बदरीनाथ के दर्शन के बाद हिमालय की शांत वादियों में साधना के लिए रवाना हो गए। उन्होंने पहले ही संकेत दिए थे कि इस बार उनका उत्तराखंड दौरा सामान्य धार्मिक यात्राओं से अलग रहेगा।

बताया जा रहा है कि साधना काल के दौरान वे कथा, दिव्य दरबार, पर्चा और मोबाइल जैसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहेंगे। वे ऋषि गंगा के तट पर योग, ध्यान और आध्यात्मिक साधना में समय बिताएंगे।

विशेष हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचने पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हेलीपैड पर उनके स्वागत में ‘जय बदरी विशाल’ और ‘जय श्रीराम’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया।

सूत्रों के मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री का यह साधना संकल्प विश्व कल्याण, मानव सेवा और सनातन धर्म की मजबूती को समर्पित है। वहीं उनकी सुरक्षा को देखते हुए चमोली प्रशासन ने मंदिर परिसर और प्रवास स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।