नासिक धर्मांतरण मामले में बड़ा घटनाक्रम, फरार आरोपी निदा खान हिरासत में

नासिक धर्मांतरण मामले में बड़ा घटनाक्रम, फरार आरोपी निदा खान हिरासत में

महाराष्ट्र के नासिक में आईटी कंपनी टीसीएस से जुड़े कथित धर्मांतरण और उत्पीड़न मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की मुख्य आरोपी और कंपनी की एचआर एग्जीक्यूटिव निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से हिरासत में लिया गया है।

नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने बताया कि स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 25 मार्च 2026 को सामने आया था, जब नासिक स्थित टीसीएस इकाई में कथित धर्मांतरण, यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि निदा खान घटना के बाद से फरार चल रही थीं।

जांच एजेंसियों ने आरोपी की तलाश के लिए कई विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस को सूचना मिली थी कि निदा खान अलग-अलग शहरों में ठिकाने बदल रही थीं। उनकी तलाश मुंबई, मुंब्रा और पुणे सहित कई स्थानों पर की गई। आखिरकार छत्रपति संभाजीनगर में लोकेशन मिलने के बाद एसआईटी ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अदालत में मेडिकल दस्तावेज भी पेश किए थे, लेकिन अदालत ने अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस कार्रवाई तेज कर दी गई।

जांच अधिकारियों का कहना है कि मामला केवल व्यक्तिगत विवाद तक सीमित नहीं है। पुलिस इस पूरे प्रकरण के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है।