पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई खास और भावुक पल देखने को मिले। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया, जिसके बाद पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं।
कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से समर्थकों और कार्यकर्ताओं का दंडवत प्रणाम कर अभिवादन किया। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, क्षुदीराम टुडु और निशिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ के बाद शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पश्चिम बंगाल में “सोनार बांग्ला” के नए दौर की शुरुआत हो चुकी है।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और 98 वर्षीय माखनलाल सरकार का सम्मान किया और उनसे आशीर्वाद लिया। माखनलाल सरकार को स्वतंत्रता के बाद राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती नेताओं में गिना जाता है।
पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने मंच पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं भाजपा नेता दिलीप घोष के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर भी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती और पीएम मोदी आपस में बातचीत करते नजर आए।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता में रोड शो भी किया, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।