बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर शेख हसीना ने दी शुभेंदु अधिकारी को बधाई, विकास को लेकर जताई उम्मीद

बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर शेख हसीना ने दी शुभेंदु अधिकारी को बधाई, विकास को लेकर जताई उम्मीद

पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने बधाई दी है। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

शेख हसीना ने अपने संदेश में कहा कि शुभेंदु अधिकारी के सक्षम नेतृत्व में पश्चिम बंगाल का विकास और अधिक गति पकड़ेगा। साथ ही भारत और बांग्लादेश के बीच वर्षों पुराने मित्रतापूर्ण संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने नवगठित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य और सफल कार्यकाल की कामना भी की।

9 मई को भेजे गए बधाई संदेश में शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने राज्य की जनता, निर्वाचित प्रतिनिधियों और नई सरकार के लिए समृद्धि और कल्याण की शुभकामनाएं दीं।

शेख हसीना ने अपने पत्र का समापन “जय बांग्ला, जय बंगबंधु” और “बांग्लादेश अमर रहे” जैसे नारों के साथ किया। उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में राजनीतिक संकट के बाद शेख हसीना भारत में रह रही हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच उनके कार्यकाल में रिश्ते काफी मजबूत माने जाते रहे हैं।

इस बीच, पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद बांग्लादेश की ओर से दोनों देशों के संबंधों को और बेहतर बनाने की उम्मीद भी जताई गई है। बांग्लादेश के कुछ नेताओं ने तीस्ता जल-बंटवारा समझौते जैसे लंबित मुद्दों पर आगे बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।