चाहिए मनचाही जॉब? टेक्निकल रिक्रूटर ने खोले सिलेक्शन के 5 बड़े राज

चाहिए मनचाही जॉब? टेक्निकल रिक्रूटर ने खोले सिलेक्शन के 5 बड़े राज

गूगल में चाहिए मनचाही जॉब? टेक्निकल रिक्रूटर ने खोले सिलेक्शन के 5 बड़े राज, बदल जाएगी रिज्यूम से इंटरव्यू तक की रणनीति!

द जागरण न्यूज डेस्क: अगर आपका सपना गूगल या किसी बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी (MNC) में नौकरी पाने का है, तो अब अपनी तैयारी का तरीका बदल लीजिए। सिर्फ एक सामान्य रिज्यूम भेज देने भर से बात नहीं बनेगी। 7 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले गूगल के टेक्निकल रिक्रूटर बेन मीड ने हाल ही में लिंक्डइन पर एक वीडियो शेयर कर नौकरी पाने के 5 बेहद असरदार और जरूरी टिप्स साझा किए हैं।

1. जॉब के अनुसार कस्टमाइज करें रिज्यूम: पहले 3 से 4 पेज का एक मास्टर रिज्यूम तैयार करें जिसमें आपके सभी अनुभव, स्किल्स और उपलब्धियां दर्ज हों। इसके बाद गूगल के जेमिनी एआई टूल की मदद लेकर संबंधित पद के अनुसार अलग रिज्यूम बनाएं ताकि जरूरी स्किल्स हाइलाइट हो सकें।

2. प्रॉब्लम सॉल्विंग एबिलिटी दिखाएं: रिक्रूटर केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि यह देखते हैं कि आप किसी समस्या को कैसे सुलझाते हैं। जरूरत पड़ने पर सवाल का स्पष्टीकरण मांगें और जवाब देते समय अपने सोचने के तरीके को क्रमबद्ध व तार्किक ढंग से सामने रखें।

3. इंटरव्यू में अपनाएं STAR मेथड: अपने पिछले अनुभवों को समझाने के लिए STAR फॉर्मूले का उपयोग करें:

  • S (Situation): परिस्थिति क्या थी?

  • T (Task): आपकी जिम्मेदारी क्या थी?

  • A (Action): आपने समस्या हल करने के लिए क्या कदम उठाया?

  • R (Result): आपके प्रयास का क्या नतीजा निकला?

4. 20 की जगह शीर्ष 3 पदों पर फोकस: एक साथ 20 नौकरियों में फॉर्म भरने की बजाय अपनी योग्यता के हिसाब से केवल शीर्ष 3 पदों को चुनें। जिस पद के लिए आपकी तैयारी सबसे मजबूत हो, उसे प्राथमिकता दें।

5. कंपनी की कोर वैल्यूज को समझें: इंटरव्यू में ऐसे उदाहरण पेश करें जिनसे यह साबित हो कि आप मुश्किल व अनजान परिस्थितियों में टीम के साथ तालमेल बिठाकर सही फैसले ले सकते हैं और यूजर की जरूरतों को गहराई से समझते हैं।