भारतीय शेयर बाजार में जियो IPO ने रचा नया रिकॉर्ड !

भारतीय शेयर बाजार में जियो IPO ने रचा नया रिकॉर्ड !

सबसे बड़े आईपीओ की तूफानी शुरुआत: जियो ने 35 मिनट में रचा इतिहास, पहले दिन 3 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब

नई दिल्ली (The Jagran News): भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में बुधवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया! देश के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ—जियो प्लेटफॉर्म्स ने बाजार में कदम रखते ही ऐसा धमाका किया कि पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। कुल ₹30,213 करोड़ के इस महा-इश्यू को खुलने के महज 35 मिनट के भीतर निवेशकों ने पूरी तरह भर दिया।

आकार के लिहाज से शीर्ष पांच बड़े आईपीओ में यह अब तक की सबसे तेज और आक्रामक शुरुआत है। इससे पहले हुंडई, एनएसई और एलआईसी जैसे दिग्गज पहले दिन पूरी तरह भरने में नाकाम रहे थे। शाम 5 बजे तक जियो का आईपीओ 3.16 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। 19.75 करोड़ शेयरों के ऑफर के सामने निवेशकों ने 62.36 करोड़ शेयरों के लिए करीब ₹69,800 करोड़ की रिकॉर्ड-तोड़ बोलियां लगा दीं।

इस सुनामी का असर करेंसी मार्केट पर भी दिखा; डॉलर के मुकाबले रुपया 53 पैसे मजबूत होकर 94.38 पर बंद हुआ। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर कारोबार के दौरान 2.7% तक उछला। निवेशक इस इश्यू में शुक्रवार तक बोली लगा सकेंगे।

कर्ज मुक्त होने की राह पर जियो वैश्विक रेटिंग एजेंसी मूडीज के मुताबिक, आईपीओ से जुटाए जाने वाले फंड में से कंपनी ₹27,500 करोड़ का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी। इससे जियो इन्फोकॉम की फाइनेंसिंग लागत घटेगी और नेटवर्क व डिजिटल विस्तार में निवेश की क्षमता को जबरदस्त मजबूती मिलेगी। रिलायंस अगले दो वर्षों में सालाना ₹1.4 लाख करोड़ का पूंजीगत खर्च करने की तैयारी में है।