ट्रेन हमले के दावे पर कल होगा आशुतोष ब्रह्मचारी का मेडिकल, 8 विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच

ट्रेन हमले के दावे पर कल होगा आशुतोष ब्रह्मचारी का मेडिकल, 8 विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच

प्रयागराज में इन दिनों शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। कभी वे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर गंभीर आरोप लगाते दिखाई देते हैं, तो कभी अपने ऊपर हुए कथित हमले को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अब उनके द्वारा बताए गए हमले की सच्चाई और लगी चोटों की गंभीरता का पता लगाने के लिए शनिवार को उनका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।

जिला प्रशासन के निर्देश पर डॉक्टरों का एक विशेष मेडिकल बोर्ड बनाया गया है, जिसमें आठ विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। यह टीम जांच कर यह स्पष्ट करेगी कि आशुतोष ब्रह्मचारी को वास्तव में कितनी और कैसी चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि 8 मार्च को गाजियाबाद से प्रयागराज आ रही रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में उनके ऊपर हमला होने का दावा किया गया था। आशुतोष ब्रह्मचारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 5 बजे कौशांबी जिले के सिराथू स्टेशन के पास हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया।

प्रयागराज पहुंचने के बाद उन्होंने जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। हालांकि उनका कहना है कि उन्होंने अपनी शिकायत में कुछ लोगों के नाम भी दिए थे, लेकिन पुलिस ने मामला अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज किया। साथ ही एफआईआर दर्ज करने में देरी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए थे।

हमले के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया था कि उनके चेहरे, नाक और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद उनकी आंखों से देखने में दिक्कत हो रही है, नाक से सांस लेने में परेशानी है और कानों की सुनने की क्षमता भी प्रभावित हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर सीएमओ डॉ. ए.के. तिवारी ने आठ डॉक्टरों की मेडिकल टीम गठित की है। इस टीम में ईएनटी, आई स्पेशलिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन, फिजिशियन और डेंटल विशेषज्ञ शामिल हैं।

आशुतोष ब्रह्मचारी को शनिवार सुबह 11 बजे मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय (काल्विन अस्पताल) में मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि वे मेडिकल कराने पहुंचते हैं या नहीं और डॉक्टरों की जांच में क्या निष्कर्ष सामने आता है।