राजपाल यादव को राहत नहीं, जमानत पर फैसला टला; अगली सुनवाई 16 फरवरी को

राजपाल यादव को राहत नहीं, जमानत पर फैसला टला; अगली सुनवाई 16 फरवरी को

नई दिल्ली। अभिनेता राजपाल यादव को फिलहाल जमानत नहीं मिल सकी है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 16 फरवरी निर्धारित की है। इस बीच फिल्म और मनोरंजन जगत से कई हस्तियां उनके समर्थन में सामने आई हैं। गायक अनूप जलोटा ने 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की जानकारी दी है, वहीं ‘पंचायत’ वेब सीरीज के निर्माताओं ने भी सहयोग को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।

राजपाल यादव इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। वे चेक बाउंस से जुड़े एक पुराने मामले में सजा काट रहे हैं। यह मामला वर्ष 2010 का है, जब उन्होंने अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। फिल्म के असफल होने के बाद ऋण की अदायगी नहीं हो सकी। ब्याज और अन्य शुल्क जुड़ने से बकाया राशि लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। ऋण चुकाने के लिए जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद कंपनी ने अलग-अलग मुकदमे दायर किए।

वर्ष 2018 में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए 6 महीने की सजा सुनाई थी, जिसे 2019 में सत्र न्यायालय ने बरकरार रखा। दिल्ली हाई कोर्ट में अपील के दौरान जून 2024 में सजा पर अस्थायी रोक दी गई थी, बशर्ते वे समझौता राशि का भुगतान करें। अदालत ने कई अवसर दिए और वर्ष 2025 में उन्होंने 75 लाख रुपये जमा भी किए, लेकिन शेष राशि का भुगतान नहीं हो सका। अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए फरवरी 2026 में आत्मसमर्पण का आदेश दिया। इसके बाद 5 फरवरी 2026 को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।

कानूनी जानकारों का कहना है कि सजा पूरी करने के बावजूद बकाया राशि की देनदारी समाप्त नहीं होगी। मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी को होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।