फिरोजाबाद। चर्चित पुलिस अधिकारी और एसपी देहात अनुज चौधरी ने बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को आर्थिक मदद भेजकर अपना समर्थन जताया है। उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए जानकारी दी कि उन्होंने 51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।
वीडियो में अनुज चौधरी ने कहा कि राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली और बेहतरीन कलाकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने अभिनय से लोगों का मनोरंजन किया है। उन्होंने कहा कि जब कोई कलाकार कठिन दौर से गुजर रहा हो, तो एक नागरिक और प्रशंसक के रूप में उसके साथ खड़ा होना हमारा दायित्व है।
एसपी अनुज चौधरी ने राजपाल यादव के जल्द कानूनी परेशानियों से उबरने की कामना भी की। गौरतलब है कि अभिनेता राजपाल यादव एक पुराने चेक बाउंस और कर्ज अदायगी से जुड़े मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं।
अनुज चौधरी इससे पहले संभल में सीओ पद पर तैनाती के दौरान भी चर्चा में रहे थे। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान रह चुके हैं और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भी हैं।