बलूचों ने तोड़ा ट्रंप का ड्रीम प्रोजेक्ट: BLA के हमलों से अमेरिकी कंपनी के दफ्तरों पर ताला, पाकिस्तान से रेयर अर्थ मिनरल्स की खेप रुकी
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के रास्ते अमेरिका के लिए दुर्लभ खनिज (रेयर अर्थ मिनरल्स) हासिल करने का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का महत्वाकांक्षी प्लान खटाई में पड़ता नजर आ रहा है। पाकिस्तान से अगस्त महीने में अमेरिका जाने वाली रेयर अर्थ मिनरल की अहम खेप सुरक्षा कारणों से रवाना नहीं हो सकी। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के ताबड़तोड़ हमलों के बाद अमेरिकी कंपनी 'यूएस स्ट्रैटेजिक मेटल्स' (US Strategic Metals) ने कराची और इस्लामाबाद स्थित अपने दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया है।
बलूचिस्तान प्रांत में रेयर अर्थ खदानों वाले इलाकों में BLA के लड़ाकों द्वारा किए जा रहे आक्रामक हमलों ने अमेरिकी कंपनी के होश उड़ा दिए हैं। सुरक्षा के बिगड़ते हालात के चलते कंपनी को अपने कदम पीछे खींचने पड़े हैं।
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। इस दौरान मुनीर ने ट्रंप को एक लकड़ी का बॉक्स सौंपा था, जिसमें रंग-बिरंगे मिनरल स्पेसिमेन और रेयर अर्थ पत्थरों की नुमाइश की गई थी। इन नमूनों को देखकर ट्रंप खासे उत्साहित थे। इसके बाद अक्टूबर में एंटीमनी, कॉपर कॉन्सन्ट्रेट, नियोडिमियम और प्रेजोडिमियम जैसे खनिजों की पहली खेप अमेरिका भेजी गई थी।
लेकिन अब बलूच विद्रोहियों के कड़े प्रतिरोध और लगातार हमलों ने पाकिस्तान और अमेरिका के इस बड़े सौदे पर ब्रेक लगा दिया है, जिससे पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी किरकिरी का सामना करना पड़ रहा है।