पेंशनर्स ध्यान दें: जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की विंडो खुली, 30 नवंबर तक न चूके मौका वरना रुक जाएगी पेंशन!
नई दिल्ली: केंद्र, राज्य, रक्षा, पीएसयू और ईपीएफओ (EPFO) के पेंशनर्स के लिए जरूरी और राहत भरी खबर सामने आई है। अपने वार्षिक डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) को जमा करने की प्रक्रिया डाकघरों, बैंकों और कॉमन सर्विस सेंटरों में विधिवत शुरू कर दी गई है। सरकार ने 80 साल या उससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजंस को खास राहत देते हुए एक महीने का अतिरिक्त समय दिया है, ताकि वे 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच बिना किसी हड़बड़ी के अपना प्रमाण पत्र जमा करा सकें। वहीं, 80 वर्ष से कम उम्र के पेंशनर्स 1 नवंबर से 30 नवंबर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। यदि 30 नवंबर की अंतिम तारीख तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो पेंशन पर अस्थायी रोक लग सकती है।
जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के 3 सबसे आसान तरीके
-
घर बैठे मोबाइल से (Jeevan Pramaan App): बैंक या डाकघर जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। अपने स्मार्टफोन में ‘Jeevan Pramaan App’ और ‘Aadhaar Face RD App’ डाउनलोड करें। ऐप पर आधार विवरण, मोबाइल नंबर, पीपीओ (PPO) नंबर व बैंक खाते की जानकारी दर्ज करें। इसके बाद मोबाइल के फ्रंट कैमरे के सामने चेहरा रखकर बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करें। वेरिफिकेशन होते ही मोबाइल पर प्रमाण आईडी और रसीद मिल जाएगी।
-
घर पर बुलाएं बैंक/डाकघर प्रतिनिधि: जो बुजुर्ग स्मार्टफोन चलाने में सहज नहीं हैं या अस्वस्थ हैं, वे इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की 'डोरस्टेप बैंकिंग' सेवा बुक कर सकते हैं या अपने बैंक से संपर्क कर सकते हैं। बैंक या डाकघर का अधिकृत प्रतिनिधि घर आकर फिंगरप्रिंट या आइरिस (आंखों की पुतली) स्कैन से बायोमेट्रिक सत्यापन कर प्रमाण पत्र जमा कर देगा।
-
बैंक शाखा, डाकघर या सीएससी सेंटर: पेंशनर अपनी गृह बैंक शाखा के डिजिटल डेस्क, नजदीकी मुख्य/स्थानीय डाकघर या निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर मामूली शुल्क देकर भी अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट करा सकते हैं।
इन जरूरी बातों का रखें खास ध्यान वेरिफिकेशन शुरू करने से पहले अपना पीपीओ नंबर, चालू बैंक खाता नंबर और लिंक मोबाइल नंबर साथ रखें। मोबाइल से फेस ऑथेंटिकेशन करते समय चेहरे पर पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए और कैमरे के सामने आंखें स्वाभाविक रूप से झपकाएं। प्रक्रिया पूरी होने पर एसएमएस से मिली ‘प्रमाण आईडी’ को भविष्य के स्टेटस चेक के लिए सुरक्षित रख लें।