बांग्लादेश के नारायणगंज के सिद्धिगंज इलाके में लक्ष्मीनारायण कॉटन मिल स्थित दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ की खबर है। आईएएनएस ने 12 नवंबर को स्थानीय मीडिया के हवाले से यह रिपोर्ट दी। रेडीमेड गारमेंट कंपनी निट कंसर्न ग्रुप पर मंदिर में प्रवेश रोकने और तोड़फोड़ का आरोप है। पुलिस ने बुधवार शाम समूह के डायरेक्टर मोनिर हुसैन मोल्ला और सुरक्षा प्रभारी इब्राहिम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
ढाका ट्रिब्यून के अनुसार नारायणगंज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) तारेक अल मेहदी ने कहा कि मंदिर समिति और निट कंसर्न ग्रुप के बीच जमीन को लेकर विवाद है, उसे सुलझाने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर समिति ने तोड़फोड़ और प्रवेश रोकने की शिकायत की है। मंदिर समिति के महासचिव तरुण लाल बेगी के अनुसार मंगलवार शाम मंदिर के गेट का ताला बदल दिया गया, ताकि लोग अंदर न जा सकें। उनका आरोप है कि यह प्रशासन के निर्देश के बावजूद किया गया और डायरेक्टर तथा उनके साथियों ने मंदिर के अंदर सजावट और पंडाल तोड़े।
इसी बीच जशोर जिले में एक और हिंदू व्यक्ति का शव मिला। 65 वर्षीय मछली फार्म मालिक रंजन मंडल का शव 7 नवंबर को मोनिरामपुर उपजिला के मशियाहटी इलाके के हेलारघाट के पास मुक्तेश्वरी नदी में बोरी में बंद अवस्था में मिला। पत्नी ब्यूटी मंडल ने कहा कि रंजन 6 नवंबर दोपहर घर से निकले और लौटे नहीं। सुबह पुलिस ने शव मिलने की सूचना दी। उन्होंने दावा किया कि गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे।
आईएएनएस के अनुसार पिछले महीने 43 वर्षीय रबेन्द्र ऋषि के छुरे से मारे जाने का मामला भी आया था और एक अलग घटना में हिंदू परिवारों के तीन घरों में तोड़फोड़ व लूट की खबर थी।
बंगलादेश - नारायणगंज मंदिर में तोड़फोड़ ; जशोर में हिन्दू का शव बोरी में मिला