अविश्वसनीय! 5,000 मीटर ऊंचे हिमालय को नाप, 4,000 KM की थका देने वाली दूरी तय कर झारखंड पहुंचे साइबेरिया के नन्हे मेहमान; वजन मात्र 15 ग्राम!
रांची (द जागरण न्यूज): प्रकृति के रहस्य और उसकी असीम ताकत के सामने वैज्ञानिक भी हैरान रह जाते हैं। ऐसा ही एक अविश्वसनीय और हैरतअंगेज चमत्कार इन दिनों झारखंड की वादियों में देखने को मिल रहा है। जहां कड़ाके की ठंड की दस्तक के साथ ही करीब 4000 किलोमीटर का जानलेवा सफर तय करके साइबेरिया और मध्य एशिया के नन्हे विदेशी मेहमानों ने अपने चहचहाहट से पूरे प्रदेश को गुंजायमान कर दिया है।
हैरान करने वाली बात यह है कि महज 12 से 15 ग्राम वजनी ये नन्हे पक्षी 5,000 मीटर से भी ऊंची हिमालय की बर्फीली चोटियों को पार कर यहां पहुंचे हैं।
इन बर्फीली चोटियों को पार कर पहुंचे ये 'छोटे वीर' झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व, रांची और अन्य वन क्षेत्रों में बर्ड वॉचर अमित कुमार और शेरा कुमार ने इन नन्हे पक्षियों की तस्वीरें ली हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरी गोलार्ध में भारी बर्फबारी और भोजन की तीव्र कमी के चलते ये पक्षी भारत का रुख करते हैं।
इनमें सबसे प्रमुख 'साइबेरियन स्टोनचैट' (खरपिहा/पत्थर-चिड़ी) है, जिसका वजन मात्र 13-14 ग्राम है, लेकिन इसकी हिम्मत और उड़ान बेमिसाल है। इसके साथ ही 'ब्लूथ्रोट' (नीलकंठी), 'साइबेरियन रूबीथ्रोट' (लाल कंठी) और 'ब्राउन शाइक' (भूरा लहटोरा) जैसे प्रवासी पक्षी भी भारी तादाद में यहां पहुंचे हैं।
इन नन्हे जीवों की स्मरण शक्ति और रास्ता खोजने की क्षमता इंसान से कई गुना अधिक सटीक होती है। ये बिना किसी भटकाव के हर साल अपने पुराने ठिकानों पर लौट आते हैं। वसंत ऋतु और मार्च की शुरुआत तक ये नन्हे मेहमान झारखंड के जंगलों, जलाशयों और खेतों में प्रवास करेंगे, जिसके बाद ये वापस अपने वतन की उड़ान भरेंगे।