सावधान! सोने में मिलाया जा रहा चीन का 'अदृश्य' सीक्रेट पाउडर; 22 कैरेट का हॉलमार्क भी मिला, मशीनों से लेकर नामी शोरूम तक सब फेल!
जोधपुर (द जागरण न्यूज): क्या आप जो सोना (Gold) भारी-भरकम कीमत देकर खरीद रहे हैं, वह वाकई 100% शुद्ध है? या फिर आपकी गाढ़ी कमाई के बदले आपको चीन का कोई खतरनाक 'सीक्रेट पाउडर' बेचा जा रहा है? राजस्थान के जोधपुर में सोने की शुद्धता को लेकर एक ऐसा हैरतअंगेज और आंखें खोल देने वाला खुलासा हुआ है, जिसने देशभर के ग्राहकों और सर्राफा बाजार में हड़कंप मचा दिया है।
7.8 ग्राम सोने में 1 ग्राम 'रेनियम', वजन बढ़ा पर मिलावट अदृश्य!
एक खोजी पड़ताल (Investigative Report) के दौरान चौंकाने वाला सच सामने आया है। चीन के शेन्जेन (Shenzhen) शहर के एक चीनी एजेंट से 'रेनियम' (Rhenium) नाम का बेहद महीन पाउडर मंगाया गया। जोधपुर के एक ज्वैलर की मदद से 7.83 ग्राम 24 कैरेट (शुद्ध) सोने में 1 ग्राम यह चीनी पाउडर मिला दिया गया, जिससे कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया।
हॉलमार्किंग मशीनें और नामी शोरूम भी खा गए धोखा!
सबसे हैरान और डराने वाली बात यह रही कि जब इस मिलावटी सोने की जांच कराई गई, तो आधुनिकतम जांच प्रणाली और हॉलमार्क सेंटर भी पूरी तरह फेल हो गए। घोड़ों का चौक स्थित हॉलमार्क सेंटर ने इस मिलावटी गहने को बाकायदा 92K916 (22 कैरेट) का हॉलमार्क सर्टिफिकेट जारी कर दिया। इसके बाद जब इसे जोधपुर के एक नामी ब्रांडेड शोरूम और नई सड़क स्थित नामी शोरूम की जांच मशीनों में डाला गया, तो वहां भी इसे 22-कैरेट का ही शुद्ध सोना बताया गया और इसे बेचने पर 1.23 लाख रुपये तक का ऑफर दे दिया गया। किसी भी मशीन की रिपोर्ट में 'रेनियम' का कोई जिक्र तक नहीं आया!
चीन से भारत में फैले हैं दलाल, कानून की कमी
चीनी एजेंट का दावा है कि इस पाउडर को 25% तक मिलाने पर भी दुनिया की कोई सामान्य मशीन इसे पकड़ नहीं सकती। भारत के मुंबई, अहमदाबाद जैसे कई शहरों में इसके डीलर सक्रिय हैं। इस खुलासे के बाद इंडिया बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (इब्जा) ने भी इस 'अदृश्य मिलावट' पर गहरी चिंता व्यक्त की है। एसोसिएशन का कहना है कि सरकार को रेनियम, इरिडियम और रुथेनियम पाउडर जैसे पदार्थों पर तुरंत कड़े प्रतिबंध लगाने चाहिए।
ग्राहकों से अपील है कि वे केवल भरोसेमंद ज्वैलर्स से ही पूरी टंच के पक्के बिल के साथ खरीदारी करें, क्योंकि आपकी जरा सी लापरवाही आपको बड़ा चूना लगा सकती है!