बिहार में 2030 तक रोजाना 1 करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य

बिहार में 2030 तक रोजाना 1 करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य

बिहार में श्वेत क्रांति का महा-अभियान! 2030 तक रोजाना 1 करोड़ लीटर दूध उत्पादन और 1 करोड़ 'लखपति दीदी' का बड़ा लक्ष्य

पटना: बिहार अब देश में श्वेत क्रांति का नया इतिहास रचने की तैयारी में है। राज्य में वर्तमान में रोजाना 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिसे वर्ष 2030 तक दोगुने से भी ज्यादा बढ़ाकर 1 करोड़ लीटर प्रतिदिन करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। पटना के बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 समारोह का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बिहार को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाकर देश के शीर्ष राज्यों में शामिल करने का संकल्प लिया।

डेयरी बाजार को बड़ा करने के लिए बिहार के लोकप्रिय ब्रांड 'सुधा' का विस्तार अब राज्य से बाहर भी किया जा रहा है। इस खास मौके पर सुधा की मखाना खीर और रबड़ी जैसे नए उत्पाद भी लॉन्च किए गए।

सीएम सम्राट की 5 बड़ी घोषणाएं और सीधे फायदे:

  • 1 करोड़ लखपति दीदी: राज्य में अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। 2030 तक इसे 1 करोड़ करने का लक्ष्य है, जिससे डेयरी और पशुपालन के जरिए ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत होगी।

  • मुख्यमंत्री गौधन योजना: उन्नत नस्ल की गाय व भैंस खरीदने के लिए किसानों को आर्थिक मदद दी जा रही है, जिससे पशुपालकों की दैनिक आय बढ़ेगी।

  • बकरी के दूध का बड़ा लक्ष्य: बकरी पालन को डेयरी विकास का मुख्य हिस्सा बनाते हुए रोजाना 1 लाख लीटर बकरी के दूध का लक्ष्य रखा गया है, जिससे छोटे व भूमिहीन किसानों को कम लागत में नियमित आय होगी।

  • हर प्रखंड में पशु औषधि केंद्र: मवेशियों के पोषण और आधुनिक चिकित्सा पर फोकस रहेगा, जिससे उनकी असमय मौत और बीमारियों पर रोक लगेगी।

  • कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) नीति: पशुओं के गोबर से स्वच्छ ऊर्जा (गैस) और सस्ती जैविक खाद तैयार होगी, जिससे गांवों में स्थानीय रोजगार पैदा होगा।