फरीदाबाद:- महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में भाजपा, एनडीए और महायुति को मिली बड़ी जीत के बाद फरीदाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विजय उत्सव मनाया। अटल कमल जिला कार्यालय में ढोल-नगाड़ों की गूंज, मिठाइयों के वितरण और नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि महाराष्ट्र में मिली यह जीत जनता के भरोसे और भाजपा की विकासोन्मुख नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम स्पष्ट करता है कि देश की जनता अब सुशासन, पारदर्शिता और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।
पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के सशक्त प्रशासन पर जनता ने एक बार फिर विश्वास जताया है। जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए मतदाताओं ने विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान किया है।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के लगभग सभी 29 नगर निगमों और नगर पालिकाओं में भाजपा का मजबूत प्रदर्शन रहा है। मुंबई की बीएमसी सहित पुणे, ठाणे, नागपुर और नासिक जैसे प्रमुख शहरी क्षेत्रों में भाजपा को मिली बढ़त यह दर्शाती है कि शहरी मतदाता भी पार्टी की नीतियों से संतुष्ट हैं। यह जनादेश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और मजबूती प्रदान करता है।
विजय उत्सव के दौरान कार्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह अरुआ, सीमा भारद्वाज, जिला सचिव मनीष छोंकर, युवा मोर्चा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।