अहरौला। क्षेत्र के निजामपुर स्थित मदरसा अनवारूल उलूम में 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन दुर्वासा ऋषि योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजन कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मंच पर विराजमान अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और जीवनभर उनकी सेवा व सम्मान करने का संकल्प लिया। पूरा परिसर भावनात्मक और प्रेरणादायी वातावरण से सराबोर रहा।
इसी क्रम में तरकुलहा स्थित हनुमान मंदिर में भी पुजारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भगवान शिव-पार्वती तथा गणेश और कार्तिकेय का पूजन कर पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों का संदेश दिया गया।

मदरसा अनवारूल उलूम में पूजन के उपरांत प्रश्नोत्तरी एवं तीर्थ कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दुर्वासा ऋषि योग वेदांत सेवा समिति के प्रबंधक राधे मोहन दास एवं विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रतिनिधि इंदल कृमि ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में संस्कार, अनुशासन और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर राधे मोहन दास, पुजारी अर्जुन सिंह, इंदल कृमि, लालमन बिंद, शमसीदा बानो, अभिषेक मौर्य, अशु यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम ने समाज में पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने का संदेश दिया।