CBSE की 2027 बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले कक्षा 10 और 12 के छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए जरूरी सूचना है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 2026-27 सत्र की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) में गलतियां सुधारने के लिए करेक्शन विंडो खोल दी है। बोर्ड के सर्कुलर के मुताबिक सुधार 7 नवंबर तक किए जा सकते हैं और इसके बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।
सिर्फ स्कूल कर सकेंगे सुधार
यह करेक्शन विंडो केवल CBSE से संबद्ध स्कूलों के लिए है। छात्र या अभिभावक सीधे पोर्टल पर बदलाव नहीं कर सकते। अगर नाम, माता-पिता या अभिभावक के नाम, जन्मतिथि या विषय में कोई गलती है, तो उन्हें तुरंत अपने स्कूल से संपर्क करना होगा। स्कूल अपने लॉगिन से cbse.gov.in पर जाकर सुधार करेंगे।
अभिभावक ये बातें जरूर जांचें
- नाम, जन्मतिथि, माता और पिता का नाम सही हो
- नाम पूरा लिखा हो, छोटा रूप (शॉर्ट नेम) नहीं
- विदेश पढ़ाई की योजना हो तो सरनेम जरूर हो
- पासपोर्ट बना है तो उससे विवरण मिलाएं
- विषय ध्यान से जांचें, बाद में बदलाव नहीं होगा
बोर्ड ने साफ कहा है कि LOC में भरे गए डेटा की सही होने की जिम्मेदारी अभिभावकों की भी है, क्योंकि यही जानकारी मार्कशीट और प्रमाणपत्र पर छपती है। बाद में गलत नाम या जन्मतिथि ठीक कराने में महीनों लग सकते हैं।
LOC का पूरा शेड्यूल
CBSE ने 24 सितंबर 2026 से LOC जमा करने की प्रक्रिया शुरू की थी। बिना लेट फीस के आखिरी तारीख 21 अक्टूबर थी, जबकि 22 से 30 अक्टूबर तक प्रति छात्र 2,000 रुपये लेट फीस के साथ LOC जमा हुई। अब बोर्ड की 2027 की डेटशीट जल्द जारी होने की उम्मीद है, हालांकि अभी तक कोई अस्थायी या अंतिम कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है।
झारखंड के छात्रों को JAC डेटशीट का इंतजार
उधर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) से मैट्रिक और इंटर की परीक्षा देने वाले लाखों छात्र भी 2027 की डेटशीट का इंतजार कर रहे हैं। काउंसिल ने अभी परीक्षा कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। छात्रों को सलाह है कि वे jacexamportal.in और स्कूल से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर घूम रही फर्जी डेटशीट से बचें।