दिल्ली दौरे पर सीएम की सक्रियता: वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात, आडवाणी से लिया आशीर्वाद

दिल्ली दौरे पर सीएम की सक्रियता: वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात, आडवाणी से लिया आशीर्वाद

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से लगातार मुलाकातें कीं। इसी क्रम में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और ‘भारत रत्न’ लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की।

इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर आडवाणी का हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात कुछ मिनटों तक चली, लेकिन इसे राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि आडवाणी जैसे अनुभवी नेता का मार्गदर्शन और आशीर्वाद सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।

अन्य केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात

दिल्ली प्रवास के दौरान सम्राट चौधरी ने कई अहम नेताओं से भी चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ बैठक कर बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात में सुरक्षा और सुशासन के मुद्दों पर बातचीत हुई, जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ राज्य के आर्थिक विकास पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े समेत एनडीए के कई अन्य नेताओं से भी मुलाकात की, जिनमें जीतन राम मांझी, ललन सिंह और नित्यानंद राय शामिल हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार पर नजर

गौरतलब है कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अभी मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा आगामी राजनीतिक रणनीति और विस्तार की संभावनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है