झारखंड पेपर लीक : हर दिन नये खुलासे !!

झारखंड पेपर लीक : हर दिन नये खुलासे !!

FRO परीक्षा महाघोटाला: स्ट्रांग रूम से निकाली आंसर शीट, ChatGPT से लिखे जवाब; CID और FSL जांच में खुला संगठित खेल

रांची:

झारखंड में फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) भर्ती परीक्षा में धांधली की हैरान कर देने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। सीआईडी (CID) और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की जांच रिपोर्ट ने पुष्टि की है कि परीक्षा कराने वाली आउटसोर्सिंग एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) के कर्मियों ने सिंडिकेट बनाकर उत्तरपुस्तिकाओं में भारी हेरफेर की।

जांच के केंद्र में आए टीडीपीएल कर्मी रक्षक सिंह के जब्त मोबाइल से फॉरेंसिक जांच में फर्जीवाड़े के पुख्ता डिजिटल सबूत मिले हैं। खुलासा हुआ कि मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद रक्षक सिंह के नाम वाली बारकोड युक्त मूल उत्तरपुस्तिका को स्ट्रांग रूम से बाहर निकालकर उसके आवास पर पहुंचाया गया। इसके बाद रक्षक सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल ChatGPT की मदद से सटीक जवाब खोजकर कोरी कॉपी में लिखे और उसे वापस स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया। स्ट्रांग रूम से परीक्षा सामग्री बाहर निकालने की गतिविधियों का वीडियो भी उसके मोबाइल से मिला है।

दफ्तर में भरी गई थीं OMR शीट:

प्रारंभिक परीक्षा (PT) में भी इसी तरह का खेल रचा गया था। रक्षक सिंह ने केवल उन्हीं 31 सवालों के गोले भरे जो उसे आते थे, बाकी ओएमआर शीट खाली छोड़ दी। बाद में टीडीपीएल दफ्तर में प्रदीप सिंह और दो अन्य कर्मियों ने खाली ओएमआर शीट में सही उत्तर भरे, जिसका वीडियो भी जांच एजेंसी के हाथ लगा है।

मामले में फरार आरोपी एजेंट लालू यादव ने भी इसी सांठगांठ के जरिए 14वीं जेपीएससी पीटी और एफआरओ परीक्षा पास की थी। वहीं जेएसएससी-सीजीएल गड़बड़ी मामले में भी धनबाद के दो सफल अभ्यर्थियों को 48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और मेरिट लिस्ट के 400 अभ्यर्थी रडार पर हैं।