झज्जर, हरियाणा। होली के दिन जिले के बेरी क्षेत्र के बिरधाना गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब आठ राउंड फायर किए और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
घर के बाहर खड़ी थी महिला, तभी बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक कड़ोदा निवासी अंजलि की शादी करीब दो वर्ष पहले बिरधाना गांव के संजय से हुई थी। सोमवार देर शाम अंजलि घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर उसका पति संजय एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अंजलि जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आठ खाली खोल बरामद किए।
शक बना हत्या की वजह?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था। बताया जा रहा है कि वारदात वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। दंपति का एक छोटा बच्चा भी है।
जनवरी में जमानत पर आया था बाहर
पुलिस सूत्रों के अनुसार संजय जनवरी माह में जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह वर्ष 2022 में दर्ज एक हत्या के मामले में बंद था। इसके अलावा उसके खिलाफ विभिन्न थानों में सात अन्य मामले भी दर्ज बताए जा रहे हैं।
पहले भी कर चुका है हत्या
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 28 मार्च 2021 को दुजाना निवासी युवक अनिल की गोली मारकर हत्या के मामले में भी संजय और उसके साथियों का नाम सामने आया था। उस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इससे पहले वर्ष 2020 में भी संजय और उसके पिता पर जानलेवा हमले व धमकी देने के आरोप लगे थे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, तलाशी अभियान जारी
बेरी के एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है।