द जागरण न्यूज़ (The Jagran News): अगर आपको लगता है कि घर में 500 ग्राम तक सोना रखने पर आयकर विभाग (Income Tax) आपसे कोई सवाल नहीं पूछेगा, तो यह खबर आपको जरूर पढ़नी चाहिए!
सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि भले ही शादीशुदा महिलाओं के पास 500 ग्राम तक सोना हो, लेकिन उन्हें यह बताना ही होगा कि यह सोना कहां से और कैसे खरीदा गया। अब तक कई लोग इस नियम का फायदा उठाकर यह मान लेते थे कि 500 ग्राम तक सोना रखने पर किसी को कोई जवाब नहीं देना होगा। लेकिन कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि 'सोना जब्त न होना' और 'उसका मालिक होना' दो बिल्कुल अलग बातें हैं। छापेमारी के दौरान सोना जब्त होने से बचने का मतलब यह कतई नहीं है कि आपसे उसकी खरीद का स्रोत नहीं पूछा जाएगा।
आयकर नियमों के अनुसार, छापे में शादीशुदा महिला के पास 500 ग्राम, अविवाहित महिला के पास 250 ग्राम और पुरुष के पास 100 ग्राम तक सोना जब्त नहीं किया जा सकता है। कानूनी रूप से सोना रखने की कोई ऊपरी सीमा तय नहीं है; आप 500 ग्राम से ज्यादा सोना भी रख सकते हैं, बशर्ते आप साबित कर सकें कि इसे वैध आय से खरीदा गया है।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद आम आदमी को घबराने की जरूरत नहीं है, बस थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। अब अपने पुराने या नए गहनों के बिल, रसीदें, शादी के कार्ड या विरासत में मिले कागजात जरूर संभाल कर रखें।