बिहार के पूर्णिया जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 18 वर्षीय युवती की हत्या के बाद उसका शव मक्का के खेत से बरामद किया गया। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को करीब चार घंटे तक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, डगरुआ थाना क्षेत्र के चतरा गांव की रहने वाली युवती 11 मार्च की रात घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों ने अगले दिन थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि युवती एक युवक के संपर्क में थी, जो उसे मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी युवक ने अपने एक साथी की दुकान में युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। युवती द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को मक्का के खेत में छिपा दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद काफी मशक्कत कर जाम को समाप्त कराया गया।
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।