दुनिया पर तीसरे विश्व युद्ध और AI का साया !!

दुनिया पर तीसरे विश्व युद्ध और AI का साया !!

महामारी पीछे छूटी, अब दुनिया पर मंडराया तीसरे विश्व युद्ध और AI का साया: UN ग्लोबल रिस्क रिपोर्ट का डरावना खुलासा

नई दिल्ली: दो साल पहले तक दुनिया जिस महामारी के खौफ में जी रही थी, अब वह चिंता पीछे छूट चुकी है। संयुक्त राष्ट्र (UN) की 2026 ग्लोबल रिस्क रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अब दुनिया के सामने सबसे बड़ा संकट बड़े पैमाने पर युद्ध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और गहराता वित्तीय संकट है। 155 देशों के विशेषज्ञों के बीच कराए गए इस सर्वे के अनुसार, युद्ध का खतरा 2024 के मुकाबले 16 पायदान चढ़कर शीर्ष पर पहुंच गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 36% विशेषज्ञों का मानना है कि अगले एक साल के भीतर ही एक बड़े युद्ध का असर दुनिया की बड़ी आबादी को अपनी चपेट में ले सकता है, जबकि 76% जानकारों को अगले सात वर्षों में इस तबाही की आशंका है। दुनिया के सात प्रमुख क्षेत्रों में भू-राजनीतिक तनाव अब टॉप-10 खतरों में शामिल हो चुका है।

युद्ध के साथ-साथ ग्लोबल वित्तीय संकट और सप्लाई चेन ध्वस्त होने का खतरा भी 12-12 पायदान ऊपर चढ़ गया है। वहीं, पर्यावरण और प्रदूषण जैसे मुद्दे अब प्राथमिक सूची से नीचे खिसक गए हैं।

दूसरी तरफ, AI अब केवल नौकरियों की छंटनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विशेषज्ञों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस तकनीक की अनियंत्रित ताकत किन हाथों में होगी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी है कि दुनिया को समय रहते ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि मानवता को सुरक्षित रखा जा सके।