वाराणसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग तैयार

वाराणसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग तैयार

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के राजातालाब-गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार स्टेडियम का 92 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अगस्त 2026 तक इसे हैंडओवर किए जाने की तैयारी है। अधिकारियों का अनुमान है कि मानसून समाप्त होने के बाद यहां घरेलू क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन शुरू किया जा सकेगा।

स्टेडियम की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनूठी थीम है। इसे भगवान शिव की अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है, जिसमें डमरू, त्रिशूल और काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की झलक आधुनिक सुविधाओं के साथ देखने को मिलेगी। निर्माण के दौरान सामने आई इसकी तस्वीरें पहले ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार स्टेडियम में 30 हजार से अधिक दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि 1,500 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाया गया है। दावा है कि करीब 20 लाख लीटर वर्षा जल निकालने की क्षमता वाला यह सिस्टम मूसलाधार बारिश के बाद भी मैदान को लगभग 30 मिनट में दोबारा खेलने योग्य बना देगा।

इस स्टेडियम के शुरू होने से पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों को भी बेहतर सुविधाएं और बड़े स्तर पर खेलने का अवसर मिलने की उम्मीद है।