कोटा। राजस्थान के कोटा शहर में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, छात्र अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
मृतक की पहचान प्रेम नगर इलाके की जागा बस्ती निवासी शुभम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह से लौटने के बाद उसके दोस्त अपने-अपने घर चले गए थे। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने शुभम को अकेला पाकर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर शुभम के दोस्त और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत विज्ञान नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार शुभम के सीने और कमर पर चाकू के गहरे घाव थे, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि शुभम का किसी से कोई विवाद नहीं था और उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि उस पर हमला किसने और क्यों किया। वहीं उसके एक दोस्त का कहना है कि शुभम सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था और उसके काफी फॉलोअर्स थे। संभव है कि इसी वजह से कुछ लोगों से उसकी रंजिश हो गई हो।
घटना की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों में से एक की पहचान उसके दोस्तों ने कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया से जुड़े विवाद के पहलू की भी जांच की जा रही है।