नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, घायल अवस्था में लड़के को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात अचानक नहीं, बल्कि पहले से चली आ रही दुश्मनी का नतीजा थी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि उसके भाई रोहन को पहले से निशाना बनाया जा रहा था। उसके अनुसार, करीब छह महीने पहले भी आरोपी ने रोहन पर चाकू से हमला किया था, लेकिन उस समय मामला दबा दिया गया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मोहित ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने रोहन को बुलाया और अपने 3–4 साथियों के साथ उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर हमला कर दिया। उसने दावा किया कि उसने खुद अपने भाई को जबरदस्ती ले जाते हुए देखा था, जिसके बाद उस पर चाकू से वार किया गया।
वहीं, स्थानीय निवासी सुनीता ने भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया। उनका कहना है कि पहले भी इसी आरोपी ने रोहन पर हमला किया था, लेकिन उस समय मामला आपसी समझौते में दबा दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के परिजनों का कहना है कि यह हमला सुनियोजित था और पहले भी इस मामले को दबाने की कोशिश की गई थी। उनका आरोप है कि पुलिस तक मामला पहुंचने के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। परिवार के अनुसार, रोहन महज 15–16 साल का था और मजदूरी कर घर चलाने में मदद करता था। वह हाल ही में अपने घर लौटा था, लेकिन इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।