गाजियाबाद:
लोनी से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर एक कथित ‘लव जिहाद’ प्रकरण में तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक के अनुसार, एक युवती को योजनाबद्ध तरीके से प्रेमजाल में फंसाकर उसका अपहरण किया गया।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि पीड़िता को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उस पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। साथ ही, उसे विभिन्न व्यक्तियों के संपर्क में लाकर मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध को अंजाम देने की भी बात कही गई है।
बताया गया कि सहायता के अभाव में पीड़िता ने विधायक से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद उन्होंने मामले को उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा।
विधायक ने इस प्रकरण को बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि इसमें किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है। उन्होंने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इसके अलावा, उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने और पीड़िता व उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार के अपर सचिव को भी पत्र प्रेषित किया गया है।