बिहार के 18 जिलों में बाढ़ का कहर: 6.65 लाख से अधिक आबादी प्रभावित

बिहार के 18 जिलों में बाढ़ का कहर: 6.65 लाख से अधिक आबादी प्रभावित

बिहार के 18 जिलों में बाढ़ का कहर: 6.65 लाख से अधिक आबादी प्रभावित, भागलपुर में दबाव बढ़ा पर पटना में थमी गंगा की रफ्तार

पटना: बिहार में बाढ़ की स्थिति विकराल रूप लेती जा रही है। राज्य के 18 जिलों में बाढ़ का पानी फैल चुका है, जिससे अब तक 6.65 लाख से अधिक लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए 693 सरकारी नावों का परिचालन शुरू कर दिया गया है।

भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर 2 सेमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार से बढ़ रहा है, जिससे राघोपुर-काजीकोरैया तटबंध पर गंभीर दबाव बन गया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में भागलपुर में गंगा का जलस्तर 46 सेमी बढ़ा और यह पहली बार खतरे के निशान से 32 सेमी ऊपर दर्ज किया गया। वहीं कहलगांव में नदी लाल निशान से 106 सेमी ऊपर बह रही है।

इधर राजधानी पटना और आसपास के इलाकों के लिए हल्की राहत की खबर है। यहां गंगा के बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पिछले 24 घंटे में दीघा में 10 सेमी, गांधी घाट पर 11 सेमी और हाथीदह में 21 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि ये सभी गेज प्वाइंट्स अभी भी लाल निशान से ऊपर हैं।

दूसरी ओर पुनपुन नदी का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 28 सेमी बढ़ा है और श्रीपालपुर में यह खतरे के निशान से 2.57 मीटर ऊपर बह रही है। निचले इलाकों और दियारा क्षेत्रों में पानी घुसने से लोग सुरक्षित स्थानों और छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं।